Oplus_16908288
झबरेड़ा 9 मई। कस्बे के मुख्य बस अड्डा स्थित अमर जवान चौक और मुख्य बाजार में दुकानदारों द्वारा किए गए अवैध अतिक्रमण ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। आलम यह है कि जो सड़क सरकारी दस्तावेजों में 80 फुट चौड़ी है, वह अतिक्रमण के कारण मात्र 20 से 25 फुट ही रह गई है। इस संकरी हुई सड़क के कारण पूरे दिन कस्बे में जाम की स्थिति बनी रहती है।

कस्बा व क्षेत्रीय निवासी चौधरी बिरम सिंह, बिट्टू चौधरी जयवीर सिंह, विक्रम सिंह, प्रदीप कुमार और सुलेमान मलिक, कुलदीप ,कपिल, सतीश सहित कई ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अमर जवान चौक के आसपास के दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने फलों की ठेलियां खड़ी करवा रखी हैं। दुकानदार इन ठेली वालों से मोटा किराया वसूलते हैं। किराया देने के कारण ये ठेली वाले न केवल पूरी सड़क घेर लेते हैं, बल्कि ग्राहकों से फलों के ऊंचे दाम भी वसूलते हैं। इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। यही स्थिति कस्बे के मुख्य बाजार की भी है। यहाँ भी दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे सब्जी वालों की फड़ लगवा दी है। बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग भी अपनी बाइकें सड़क पर ही खड़ी कर देते हैं, जिससे पैदल चलना भी दूभर हो जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत के कर्मचारी समय-समय पर अतिक्रमण हटाने का नाटक तो करते हैं, लेकिन 100 का चालान काटकर महज खानापूर्ति कर दी जाती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जब कभी रुड़की से प्रशासनिक टीम आती है, तो उसकी सूचना दुकानदारों को पहले ही मिल जाती है। टीम के आने पर सामान पीछे कर लिया जाता है और उनके जाते ही सड़क दोबारा ठेलियों से पट जाती है।नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन रावत का कहना है कि कस्बे के मुख्य बाजार और बस अड्डे के पास से समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाती है। अब अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को चिन्हित कर उन पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहजाद, सुशील कुमार और अन्य क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि कस्बे को इस जाम के झाम से मुक्ति दिलाने के लिए केवल चालान न काटा जाए, बल्कि स्थाई रूप से अतिक्रमण हटाया जाए ताकि 80 फुट चौड़ी सड़क का लाभ जनता को मिल सके।





