झबरेड़ा 13 मई। थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव में आपसी रंजिश के चलते एक युवक पर घर में घुसकर जानलेवा हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना झबरेड़ा क्षेत्र की चौकी इकबालपुर के गांव खाताखेड़ी निवासी मुदस्सिर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 मई की रात करीब 9:00 बजे वह अपने घर पर था। इसी दौरान गांव का ही निवासी इजरार उर्फ भुट्टू हाथ में लोहे का सरिया लेकर उसके घर में घुस आया। पीड़ित का आरोप है कि इजरार ने जान से मारने की नियत से उसके सिर पर सरिये से हमला किया। मुदस्सिर ने सूझबूझ दिखाते हुए नीचे झुककर अपनी जान बचाई, जिसके बाद आरोपित ने उसे बेरहमी से पीटा। हमले में पीड़ित की कमर और कंधों पर गंभीर चोटें आई हैं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसी अब्दुल्ला और अन्य ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मुदस्सिर की जान बचाई। बताया जा रहा है कि भीड़ इकट्ठा होने पर आरोपित मौके से फरार हो गया, लेकिन जाते समय उसने पीड़ित को सरेआम धमकी दी कि आज तो वह बच गया, लेकिन भविष्य में वह उसे या अपने गुंडों के जरिए उसे जान से मरवा देगा। पीड़ित मुदस्सिर ने अपनी मेडिकल रिपोर्ट के साथ थाने में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। तहरीर के आधार पर: एफआईआर दर्ज कर ली गई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आरोपित की तलाश जारी है।





