झबरेड़ा, 5 अक्टूबर। ऑपरेशन प्रहार के तहत झबरेड़ा पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से जुए में लगाए गए 10,780 रुपये और 52 ताश के पत्ते बरामद किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

झबरेड़ा कोतवाली के कार्यवाहक प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि रविवार रात पुलिस को सूचना मिली थी कि ताज फार्म के सामने झबरेड़ा लखनोता रोड पर कुछ लोग ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वहां जुआ खेल रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस ने मौके से आठ लोगों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर पुलिस को मौके से जुए में प्रयुक्त 10,780 रुपये की नकदी और 52 ताश के पत्ते मिले। पुलिस सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंची। पकड़े गए आरोपितों की पहचान अंकित, साजिद अली, मुनीश, सौरभ कुमार, जहांगीर अंसारी, सागर, अक्षय और विकास के रूप में हुई है। सभी आरोपित कस्बा झबरेड़ा के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ जुआ अधिनियम की संबंधित धारा में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में जुआ एवं अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजदीप, कांस्टेबल अनिल कुमार तथा होमगार्ड शिवकुमार और नवीन कुमार शामिल रहे।





