Oplus_19005440
झबरेड़ा, 19 जुलाई। झबरेड़ा-गुरुकुल मार्ग पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के ग्राम कोटवाल आलमपुर निवासी दो युवक मोनू व टीटू अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर झबरेड़ा-गुरुकुल मार्ग से झबरेडा आ रहे थे। जैसे ही वे मार्ग पर कस्बे के नजदीक स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी एक तीखे मोड़ पर तेज रफ्तार होने के कारण चालक मोटरसाइकिल पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। नियंत्रण बिगड़ने से बाइक सीधे सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक सड़क पर गिरकर तड़पने लगे। दुर्घटना को देख आस-पास के स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए। लोगों के अनुसार बाइक की रफ्तार काफी तेज थी, जिसके कारण मोड़ पर संतुलन बिगड़ गया। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए दोनों घायल युवकों को संभाला और उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है।





