झबरेड़ा, 17 जून। कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों ने ऊर्जा निगम से कृषि कार्यों के लिए अधिक से अधिक बिजली आपूर्ति किए जाने की मांग की है। किसानों का कहना है कि इस समय पड़ रही भीषण गर्मी के कारण फसलों को बचाना मुश्किल हो रहा है, जिसके लिए पर्याप्त बिजली का मिलना बेहद जरूरी है।

कस्बा झबरेडा व क्षेत्र के प्रमुख किसान बिरम सिंह, कुंवरपाल, शमशाद अली, अतुल कुमार, सुलेमान मलिक, अभय, कपिल ,कुलदीप, प्रदीप,रोहतास,गुड्डू वर्मा आदि ने अपनी समस्याएं साझा कीं। किसानों का कहना है कि तेज धूप और भीषण गर्मी के चलते खेतों में खड़ी गन्ने और पशु चारे की फसल को लगातार पानी देना पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में धान की रोपाई का काम भी शुरू हो चुका है। धान लगाने और उसके बाद भी फसल को जिंदा रखने के लिए खेतों में लगातार पानी की जरूरत होती है।इन तमाम वजहों से किसानों के खेतों में लगे निजी व सरकारी विद्युत नलकूप लगातार चल रहे हैं, जिसके लिए वर्तमान में मिल रही बिजली नाकाफी साबित हो रही है। पूरे मामले पर ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार पांडे ने किसानों को आश्वस्त किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और कृषि क्षेत्रों में निगम की ओर से पहले ही अधिक से अधिक बिजली सप्लाई की जा रही है। ऊर्जा निगम किसानों की जरूरतों को समझता है और आगे भी किसानों को बिजली आपूर्ति में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। किसानों को उम्मीद है कि ऊर्जा निगम अपने वादे पर कायम रहेगा ताकि इस तपती गर्मी में उनकी मेहनत और फसलें बर्बाद होने से बच सकें।





