Oplus_16908288
झबरेड़ा, 10 अगस्त। सावन शिवरात्रि पर्व पर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कस्बे और ग्रामीण क्षेत्र के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। हरिद्वार से कांवड़ और गंगाजल लेकर लौटे शिवभक्तों ने भी मंदिरों में पहुंचकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

झबरेड़ा कस्बे के नंदा वाला बाग स्थित प्राचीन शिव मंदिर में तड़के से ही जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई। हरिद्वार से कांवड़ और गंगाजल लेकर पहुंचे शिवभक्तों ने मंगलवार तड़के मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। दिन निकलने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को कतार में लगाकर जलाभिषेक कराया गया। मंदिर के महंत पंडित गणेश प्रसाद ने श्रद्धालुओं को बताया कि नंदा वाला बाग स्थित प्राचीन शिव मंदिर सिद्ध मंदिर के रूप में प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव को अत्यंत प्रिय है। श्रद्धापूर्वक भगवान शिव का जलाभिषेक करने और बेलपत्र अर्पित करने से भगवान भोलेनाथ प्रसन्न होते हैं। उन्होंने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार को भी कस्बे के अलावा आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं। शिवरात्रि पर्व पर मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं द्वारा जलाभिषेक किया गया। मंदिर कमेटी की ओर से शिवभक्तों को प्रसाद भी वितरित किया गया।





