Oplus_16908288
झबरेड़ा, 30 जून। सरकार द्वारा राशन कार्डों की ई-केवाईसी कराने की अंतिम तिथि 31 मई को समाप्त होने के बाद, कस्बा व ग्रामीण क्षेत्रों में हड़कंप मचा हुआ है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं की केवाईसी न होने के कारण अब क्षेत्रवासियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इसकी समय सीमा बढ़ाने की पुरजोर मांग की है।

कस्बा व क्षेत्र के निवासी ऊषा सैनी,राहुल कुमार, यशवीर सिंह, रामकृष्ण चौधरी, बिरम सिंह, ममता देवी, पूनम देवी, शशि देवी, मेनका सैनी, सुलेमान मलिक, शमशाद और शमशेर आदि ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार वे समय पर केवाईसी कराने के लिए कई बार कॉमन सर्विस सेंटर गए। लेकिन लगातार हो रही बिजली कटौती होने और सर्वर की समस्याओं के कारण लगभग 40 प्रतिशत लोगों के राशन कार्डों की केवाईसी नहीं हो पाई है। ग्रामीणों ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि केवाईसी न होने के कारण उन्हें सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान से राशन मिलना बंद हो गया, तो गरीब परिवारों के सामने जीवन-यापन का गहरा संकट खड़ा हो जाएगा और उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। क्षेत्रवासियों ने जनता के हित को देखते हुए सूबे के मुखिया मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मांग की है कि राशन कार्ड की केवाईसी कराने की समय सीमा को बढ़ाकर 30 जून तक किया जाए, ताकि छूटे हुए सभी पात्र लोग अपनी केवाईसी प्रक्रिया को आसानी से पूरा कर सकें।





