झबरेड़ा 19 सितम्बर। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से छह दिन पूर्व लापता हुई 17 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने उसके 19 वर्षीय साथी के साथ युवक के घर से बरामद कर लिया। पुलिस ने युवक के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जबकि किशोरी को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि 14 सितंबर को क्षेत्र निवासी 17 वर्षीय किशोरी अपने परिचित 19 वर्षीय युवक प्रियांशु निवासी दौड़बसी, भगवानपुर के साथ घर से चली गई थी। परिजनों की तहरीर पर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू की गई थी। शुक्रवार को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों दौड़बसी स्थित युवक के घर पर मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों को बरामद कर लिया। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, एसआई अर्जुन सिंह, कांस्टेबल बसंत कुमार और मुकेश कुमार शामिल रहे।





