झबरेड़ा 19 सितम्बर। तीन बच्चों की मां संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगने पर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई है। महिला के लापता होने के बाद से उसके संपर्क में रहने वाला भी फरार है।

पुलिस को दी तहरीर में परिजनों ने बताया कि कोतवाली झबरेडा क्षेत्र के गांव बालूपुर निवासी मीनाक्षी 16 सितंबर को घर से लापता हो गई थी। निर्धारित समय तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारी और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों ने पुलिस से महिला की तलाश कराने की गुहार लगाई। परिजनों के अनुसार, महिला के संपर्क में रहने वाला रवि भी घटना के बाद से दिखाई नहीं दे रहा है। रवि भी किसी कंपनी में काम करता है तथा मीनाक्षी भी एक कंपनी में काम करती है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर महिला और रवि की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस दोनों के मोबाइल नंबरों तथा संभावित ठिकानों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि महिला की बरामदगी के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





