Oplus_16908288
झबरेड़ा, 10 जुलाई। कस्बा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश आम जनता और खासकर किसानों के लिए आफत बनकर बरस रही है। मूसलाधार बारिश के कारण खेतों में भारी जलभराव हो गया है, जिससे फसलें पूरी तरह डूब चुकी हैं। इसके साथ ही, तेज बहाव के कारण हो रहे भूमि कटाव ने किसानों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है। परेशान किसानों ने अब सरकार से मदद की गुहार लगाते हुए सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई है।

क्षेत्रीय किसान राजपाल सिंह, यशवीर सिंह, निरंजन सिंह, अरविंद कुमार, धर्मपाल सिंह, गोराँश कुमार, कुलदीप सिंह, सत्तार अहमद और भोला सिंह आदि ने बताया कि लगातार हो रही बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो चुका है। किसानों का कहना है कि सबसे ज्यादा मार कृषि क्षेत्र पर पड़ी है। खेतों में कई फीट पानी भर जाने से धान और पशु चारे की खड़ी फसलें डूबने की कगार पर हैं। यही नहीं, ऊंचाई वाले खेतों से नीचे के खेतों में तेजी से पानी उतरने के कारण बड़े पैमाने पर भूमि कटाव हो रहा है, जिससे खड़ी फसलें मिट्टी के साथ बह रही हैं। वहीं ग्राम झबरेडी निवासी सुखपाल सिंह, रविंद्र कुमार और अरविंद कुमार ने बताया कि ग्राम अकबरपुर की ओर से झबरेडी की तरफ आने वाले नाले में पानी का स्तर अत्यधिक बढ़ गया है। नाले का पानी ओवरफ्लो होकर खेतों में घुसने से फसलें पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं और मिट्टी का कटान जमकर हो रहा है। लगातार हो रहे इस भारी नुकसान से हताश होकर प्रभावित किसानों ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर अपनी शिकायत दर्ज कराई है। किसानों ने प्रशासन और राज्य सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द नुकसान का सर्वे कराया जाए और पीड़ित किसानों को उचित मुआवजा दिलाकर राहत प्रदान की जाए।





