Oplus_16908288
झबरेडा 21 जुलाई। कस्बा स्थित एक विद्यालय परिसर में भारतीय स्टेट बैंक की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बैंक प्रबंधक नेहा सागर और उनकी टीम ने विद्यालय में आम, अमरूद और जामुन जैसे विभिन्न फलदार पौधे रोपित किए।

मंगलवार को कस्बा झबरेडा स्थित चौधरी भरत सिंह डीएवी इंटर कॉलेज परिसर में भारतीय स्टेट बैंक की ओर से पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पौधारोपण के उपरांत बैंक प्रबंधक नेहा सागर ने पर्यावरण और स्वास्थ्य के अंतर-संबंध पर जोर देते हुए कहा कि फलदार वृक्ष न केवल हमारे वातावरण को शुद्ध करते हैं, बल्कि मनुष्य को खाने के लिए मीठे और पौष्टिक फल भी प्रदान करते हैं। इस तरह पेड़-पौधे हमें दोहरा लाभ पहुँचाते हुए स्वस्थ जीवन देने का काम करते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जन्मदिन या किसी भी अन्य शुभ अवसर पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि केवल पौधा लगाना काफी नहीं है हमारा उद्देश्य सिर्फ पौधारोपण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि पौधे के बड़े होने तक उसके उचित रखरखाव की जिम्मेदारी भी उठानी चाहिए। प्रकृति है तो जीवन है यदि प्रकृति सुरक्षित और जीवित रहेगी, तभी पृथ्वी पर मानव जीवन सुरक्षित रहेगा। वरना, प्रकृति के असंतुलन से जीव-जंतुओं और मानव जाति का अंत होना तय है।इस अवसर पर एसबीआई टीम के आनंद कुमार, फील्ड ऑफिसर मनोज कुमार, सतीश कुमार सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।





