झबरेड़ा, 3 जून। कस्बे में नगर पंचायत के कूड़ा निस्तारण केंद्र और पास ही के एक निर्माणाधीन बैंकट हॉल को चोरों ने अपना निशाना बनाया। चोरों ने दोनों जगहों से कीमती विद्युत मोटर चोरी कर लिए और सरकारी संपत्ति को नुकसान भी पहुँचाया।

नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन रावत ने बताया कि नगर पंचायत के कूड़ा निस्तारण केंद्र घटना का पता बुधवार सुबह उस समय चला जब नगर पंचायत के कर्मचारी रोजाना की तरह केंद्र पर काम के लिए पहुंचे। चोरों ने मंगलवार रात को कूड़ा निस्तारण केंद्र में घुसकर वहाँ लगी चार विद्युत मोटर चोरी कर लीं। इतना ही नहीं, चोरों ने वहाँ मौजूद अन्य चार विद्युत मोटरों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त भी कर दिया। वहीं कूड़ा निस्तारण केंद्र के पास ही मुल्किराज सैनी का एक बैंकट हॉल निर्माणाधीन है। चोरों ने वहाँ भी हाथ साफ किया। बैंकट हॉल के स्वामी मुल्किराज सैनी ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि मंगलवार रात को ही उनके हॉल में रखे भारी-भरकम जनरेटर का विद्युत मोटर भी कोई चोरी कर ले गया है। लगातार हुई इन चोरियों के बाद पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि चोरी की तहरीर मिलते ही पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। घटनास्थल और उसके आस-पास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके। मामले में संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस की टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही इस चोरी की घटना का खुलासा कर आरोपितो को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





