
झबरेड़ा 8 मई। थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग गांवों की महिलाओं ने अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितो को थाने बुलाकर कड़ी फटकार लगाई है।

शुक्रवार को झबरेड़ा थाना क्षेत्र के गांव लाठरदेवा शेख निवासी एक महिला ने पुलिस को 112 सहायता नंबर पर कॉल कर बताया कि उसका पति और ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करते हैं। ससुराल पक्ष के लोग उसके मायके वालों के साथ भी अभद्रता करते हैं और उन्हें घर से भगा देते हैं। जब उसके घर वाले उसका हाल-चाल जानने आते हैं उसे कई बार मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के लिए खाना तक नहीं दिया जाता।
वहीं दूसरी ओर झबरेड़ा कस्बा के मोहल्ला कुम्हारान निवासी एक अन्य महिला ने भी अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता के अनुसार, उसके दो बच्चे होने के बावजूद उसका पति उसके साथ लगातार गाली-गलौज करता है। पति द्वारा उसे बार-बार घर छोड़कर जाने की धमकी दी जा रही है, जिससे वह गंभीर मानसिक तनाव में है। दोनों मामलों की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने प्रभावी कदम उठाए हैं। दोनों महिलाओं की शिकायतों पर उनके पतियों को थाने बुलाकर पूछताछ की गई है। उन्हें सख्त हिदायत दी गई है कि भविष्य में किसी भी प्रकार का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि दोबारा शिकायत मिलती है, तो पुलिस कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगी।




