झबरेड़ा, 25 अगस्त। एक महिला ने अपने देवर पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है। महिला ने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की है।

कस्बा निवासी एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका पति काम से घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान उसके देवर ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। महिला के विरोध करने पर आरोप है कि देवर ने लाठी से उस पर हमला कर दिया, जिससे उसके एक हाथ की हड्डी टूट गई। महिला का आरोप है कि करीब एक माह पूर्व भी उसके देवर ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी। उस समय वह पुलिस में शिकायत करने जा रही थी, लेकिन मोहल्ले के कुछ लोगों ने समझा-बुझाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। महिला के अनुसार इसके बावजूद दोबारा उसके साथ मारपीट की गई। पति के घर लौटने पर महिला ने उसे पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद महिला ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





