झबरेड़ा, 16 अगस्त। कोतवाली क्षेत्र के गांव में शनिवार रात चोरों ने किसानों के खेतों में लगे करीब 20 नलकूपों को निशाना बनाया। चोर नलकूपों के ताले तोड़कर विद्युत केबल, स्टार्टर समेत अन्य विद्युत उपकरण चोरी कर ले गए। घटना से किसानों में रोष है। किसानों ने कोतवाली में तहरीर देकर चोरों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ग्राम डेलना निवासी किसान डॉ. राज सिंह, विजयपाल, जोहर सिंह, भंवर सिंह, दीपक, रजनीश, पप्पू सिंह, नरेश कुमार समेत करीब 20 किसानों के नलकूपों के ताले तोड़कर चोर विद्युत उपकरण चोरी कर ले गए। किसानों को घटना का पता रविवार सुबह नलकूपों पर पहुंचने के बाद चला। किसानों का कहना है कि दो दिन पूर्व कस्बा झबरेड़ा क्षेत्र में भी 12 किसानों के नलकूपों के ताले तोड़कर विद्युत केबल और अन्य उपकरण चोरी किए गए थे। किसान यशवीर सिंह, कुलदीप, अश्वनी, जगनंदन, सुखबीर सिंह, अरविंद और संदीप आदि ने बताया कि करीब एक माह पहले भी उनके नलकूपों से विद्युत मोटर चोरी की गई थी।किसानों ने बताया कि कस्बे और ग्रामीण क्षेत्र में नलकूपों से विद्युत उपकरण चोरी करने वाला गिरोह सक्रिय है। बार-बार हो रही चोरी से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों का कहना है कि कई बार पुलिस को तहरीर देने के बावजूद नलकूपों से चोरी करने वाला गिरोह पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है। लगातार हो रही चोरी के कारण किसानों को खेती-किसानी करने में भी परेशानी हो रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि नलकूपों से विद्युत उपकरण चोरी करने वाले आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





