झबरेड़ा, 6 अगस्त। कोतवाली झबरेड़ा पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान दो युवकों को दो अवैध 315 बोर तमंचों और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी बरामद की, जिसकी जांच में उसका पंजीकरण उत्तर प्रदेश का पाया गया।

झबरेड़ा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इकबालपुर चौकी क्षेत्र में हीराहेड़ी मार्ग पर संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगे। इस दौरान मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने दोनों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने अपने नाम शुभम निवासी भिस्तीपुर, थाना झबरेड़ा और शिवम निवासी ग्राम मझौल, थाना देवबंद, जिला सहारनपुर बताए। तलाशी लेने पर शुभम के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा तथा शिवम के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। दोनों आरोपित हथियारों का कोई वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि वे अपनी सुरक्षा के लिए तमंचे रखते थे तथा पहले भी जेल जा चुके हैं। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद मोटरसाइकिल को भी कब्जे में लेकर उसके संबंध में जांच शुरू कर दी गई है तथा पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किए गए हैं।





