झबरेड़ा, 26 जून। झबरेड़ा-गुरुकुल मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर उस समय भारी हंगामा और मारपीट हो गई, जब एक सेल्समैन ने लापरवाही बरतते हुए ग्राहक की कार में डीजल की जगह पेट्रोल डाल दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में तीखी बहस हुई, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। घटना के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

जानकारी के अनुसार, ग्राम भक्तोंवाली निवासी एक कार मालिक अपनी गाड़ी में डीजल डलवाने के लिए झबरेड़ा-गुरुकुल मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंप पर आया था। आरोप है कि पंप पर तैनात सेल्समैन निवासी ग्राम झबरेड़ी ने ध्यान न देते हुए कार में डीजल के स्थान पर पेट्रोल डाल दिया। जब कार मालिक को इस बात का पता चला, तो उसने आपत्ति जताई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज होने लगी। गुस्साया सेल्समैन पंप से हटकर तुरंत नजदीक ही स्थित अपने गांव झबरेड़ी गया और वहां से अपने अन्य साथियों को बुला लाया। लाठी-डंडों और आक्रामक रुख के साथ पहुंचे सेल्समैन और उसके साथियों ने कार मालिक को घेर लिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू होने लगा। पेट्रोल पंप पर मारपीट होते देख मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। वहां मौजूद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने बीच-बचाव करते हुए जैसे-तैसे मामले को संभाला और दोनों पक्षों को अलग कर शांत कराया। हालांकि, जाते-जाते भी सेल्समैन और उसका ग्रुप कार मालिक को ‘बाद में देख लेने’ और भुगत लेने की खुली धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।





