झबरेड़ा, 15 सितंबर। कोतवाली क्षेत्र के गांव 38 वर्षीय महिला संदिग्ध परिस्थितियों में सात दिन से लापता है। महिला घर से कस्बा झबरेड़ा में घरेलू सामान लेने की बात कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां तलाश करने के साथ ही आसपास के क्षेत्र में भी महिला का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद महिला के पति ने कोतवाली में तहरीर देकर पुलिस से उसकी तलाश कराने की गुहार लगाई है।

झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के गांव बुडपुर निवासी कन्हैया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी करीब सात दिन पहले घर से झबरेड़ा कस्बे में घरेलू सामान खरीदने की बात कहकर गई थी। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पहले आसपास के क्षेत्र में महिला को तलाश किया गया। इसके बाद रिश्तेदारों और जान-पहचान के लोगों से भी जानकारी की गई, लेकिन महिला का कहीं पता नहीं चल पाया। परिजनों के मुताबिक महिला के तीन बच्चे हैं। मां के अचानक लापता होने से बच्चे भी परेशान हैं और लगातार अपनी मां के घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं। महिला के पति ने पुलिस से जल्द से जल्द उसकी तलाश कर सुरक्षित घर पहुंचाने की मांग की है।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि महिला के लापता होने की तहरीर मिली है। महिला का पता लगाने के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। संभावित स्थानों पर तलाश के साथ ही अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही महिला का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।





