Oplus_19005440
झबरेडा 16 मई। स्थानीय स्कूल में सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के सम्मान में एक भव्य ‘मेधावी सम्मान समारोह’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले और विभिन्न सह-शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले 20 से अधिक छात्र-छात्राओं को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

शनिवार को एम्बिशन पब्लिक स्कूल में समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि दीपक पंवार और विद्यालय प्रबंधन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं के चेहरे पर सफलता की चमक और अभिभावकों की आँखों में गर्व के आँसू साफ देखे जा सकते थे। स्कूल प्रबंध निदेशक विश्वास सिंह पंवार ने कहा प्रतिभा कभी किसी बड़े शहर या सुख-सुविधाओं की मोहताज नहीं होती। आज हमारे ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों से भी ऐसे होनहार छात्र निकल रहे हैं, जो अपनी मेहनत के दम पर देश-दुनिया में नाम रोशन कर रहे हैं। हमारे स्कूल के बच्चों ने इसे सच साबित कर दिखाया है। स्कूल निदेशक विपुल पंवार ने छात्रों को सफलता का मूलमंत्र देते हुए कहा कि कठिन परिश्रम ही सफलता की सच्ची कुंजी है, इसका कोई शॉर्टकट नहीं होता। वहीं, निदेशक सोनम रॉस पंवार ने विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि निरंतर मेहनत, अटूट लगन और समर्पण हमेशा श्रेष्ठ और सुखद परिणाम देते हैं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दीपक पंवार ने मेधावी छात्रों को सुनहरे भविष्य के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि यह सफलता एक शुरुआत है, विद्यार्थियों को आगे भी इसी तरह निरंतर अच्छा कार्य करते रहना चाहिए और समाज व अपने माता-पिता का नाम गर्व से ऊँचा करना चाहिए। कक्षा 10वीं में मुख्य रूप से लक्ष्य सैनी 92.20% अंकों के साथ कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें उनकी शालीनता के लिए ‘बेस्ट डिसिप्लिन अवार्ड’ से भी नवाजा गया। सक्षम गुप्ता 91.60% अंक पाकर द्वितीय स्थान पर रहे। शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए उन्हें ‘हाईएस्ट अटेंडेंस अवार्ड’ दिया गया। तेजस्वी परमार इन्होंने भी 91.60% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान हासिल किया। तेजस्वी को उनकी सुंदर लिखावट के लिए ‘बेस्ट हैंडराइटिंग अवार्ड’ मिला। लक्ष्य आवाना, साताक्षी तिवारी, आयुषी और आर्यन को उनकी अद्वितीय प्रतिभा के लिए पोटेंशियल स्टार अवार्ड से सम्मानित किया गया। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों ने भी परीक्षा में शानदार सफलता की कहानी लिखी। अविका शर्मा ने 95.40% अंक प्राप्त कर पूरे विद्यालय में प्रथम स्थान का गौरव हासिल किया।सर्वेक्षणी 94.20% अंकों के साथ द्वितीय स्थान पर रहीं। शानदार शैक्षणिक रिकॉर्ड के लिए उन्हें ‘हाईएस्ट अटेंडेंस अवार्ड’ और विद्यालय का प्रतिष्ठित ‘स्टार स्कॉलर अवार्ड’ भी प्रदान किया गया। आशु पंवार 93.80% अंक हासिल कर तृतीय स्थान पर रहे और साथ ही ‘बेस्ट हैंडराइटिंग अवार्ड’ के हकदार बने। बोर्ड परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले अन्य छात्र-छात्राओं में विशा, अक्षित, महिमा, कार्तिक, काशिश, मानवी, निराली, सक्षम और ओम शामिल रहे। इन्हें भी स्कूल प्रबंधन द्वारा विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष तौर पर सम्मानित किया गया। समारोह के समापन पर उपस्थित सभी अभिभावकों ने बेहद भावुक होकर विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और शिक्षकों का हृदय से आभार व्यक्त किया। अभिभावकों का कहना था कि शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन, दिन-रात के सहयोग और समर्पित प्रयासों के कारण ही बच्चे आज इस मुकाम पर पहुँचे हैं। अंत में, विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य और समस्त स्टाफ ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को इस ऐतिहासिक सफलता पर हार्दिक बधाई दी और बच्चों के उज्ज्वल व स्वर्णिम भविष्य के लिए मंगलकामनाएँ कीं।





