Oplus_16908288
झबरेड़ा 10 जून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड की विजिलेंस टीम स्थानीय ऊर्जा निगम टीम ने विद्युत चोरी के खिलाफ अभियान चलाते हुए दर्जनों लोगों को रंगे हाथों पकड़ा। जिससे विद्युत उपभोक्ताओं में हड़कंप मचा रहा।

10 जून बुधवार को दो गांव में विजिलेंस और स्थानीय ऊर्जा निगम की संयुक्त टीम द्वारा औचक चेकिंग अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के बिजली चोरों में हड़कंप मच गया। विद्युत चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विजिलेंस टीम बुधवार को अचानक झबरेड़ा क्षेत्र पहुंची थी। चेकिंग के दौरान टीम ने ग्राम कोटवाल आलमपुर में 21 ग्रामीणों को सीधे तौर पर अवैध रूप से बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। विद्युत उपखंड झबरेड़ा एसडीओ मोहम्मद रिजवान ने बताया कि बुधवार की इस मुहिम के तहत कुल 22 लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र में बिजली चोरी और अवैध इस्तेमाल के कारण लगातार लोड और नुकसान बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि लगातार बिजली चोरी रोकने के लिए यह चेकिंग अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन पूर्व में भारी बकाए के कारण काटे जा चुके हैं, उनके खिलाफ अब आरसी काटने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जिन लोगों के कनेक्शन काटे गए थे, उनकी फिर से जांच की जा रही है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उन्होंने दोबारा अवैध रूप से कटिया तो नहीं डाल ली है। इस बड़ी छापेमारी को अंजाम देने के लिए विजिलेंस और ऊर्जा निगम के आला अधिकारी भारी पुलिस बल और स्टाफ के साथ मुस्तैद रहे। इस संयुक्त टीम में मुख्य रूप से एसडीओ मोहम्मद रिजवान,जूनियर इंजीनियर फैज मोहम्मद, विजिलेंस टीम एसडीओ अनिल, विकास, धनंजय, विजिलेंस इंस्पेक्टर मारुत शाह, संजीव त्यागी सहित लाइनमैन मौजूद रहे। ऊर्जा निगम अधिकारियों ने क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें और भारी जुर्माने व कानूनी कार्रवाई से बचें।





