Oplus_16908288
देहरादून 19 सितम्बर। पशुधन की उन्नत नस्ल सुधार एवं भ्रूण प्रत्यारोपण (एम्ब्रियो ट्रांसफर) तकनीक को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग की ओर से देहरादून में कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में आधुनिक प्रजनन तकनीकों के माध्यम से प्रदेश में पशुपालन की उत्पादकता बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण नस्ल सुधार पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में अपर निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. राकेश सिंह नेगी ने मुख्य अतिथि हरिद्वार लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत समेत उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कैलाश उनियाल ने किया। भ्रूण प्रत्यारोपण तकनीक पर डॉ. अजय असवाल ने विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सांसद निधि से उपलब्ध कराई गई मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट का लोकार्पण किया। इस यूनिट के माध्यम से हरिद्वार जनपद के पशुपालकों को उनके द्वार पर ही भ्रूण प्रत्यारोपण सहित आवश्यक पशु चिकित्सा एवं प्रजनन संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख खेम सिंह पाल, मंडल अध्यक्ष सरिता लिंगवाल, रजनीश कंबोज, केदारपुर के पार्षद दर्शन लाल बिजोला, आशीष सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में निदेशालय एवं जनपद देहरादून के पशु चिकित्सा अधिकारियों तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारियों ने भी भाग लिया। विभाग के अनुसार मोबाइल पशु चिकित्सा यूनिट के जरिए आधुनिक पशु चिकित्सा एवं प्रजनन सेवाओं को पशुपालकों के द्वार तक पहुंचाने से पशुधन की नस्ल सुधार, दुग्ध उत्पादन में वृद्धि तथा पशुपालकों की आय बढ़ाने की दिशा में मदद मिलेगी।





